samajwadi-party-workers-clash-at-amethi-gayatri-prajapati-residence-controversy

अमेठी में सपा के दो गुट आमने-सामने: सोशल मीडिया टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद, पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति के आवास तक पहुंचा मामला

अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में समाजवादी पार्टी के अंदरूनी विवाद ने मंगलवार देर शाम बड़ा राजनीतिक रूप ले लिया। सोशल मीडिया पर कथित अभद्र टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के आवास तक पहुंच गया। घटना के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, अमेठी के आवास विकास कॉलोनी क्षेत्र में समाजवादी पार्टी की मौजूदा विधायक महाराजी प्रजापति के समर्थकों और कुछ स्थानीय सपा कार्यकर्ताओं के बीच सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद शुरू हुआ। शुरुआत में यह मामला आपसी बहस तक सीमित था, लेकिन धीरे-धीरे तनाव बढ़ता गया और कथित तौर पर कई लोग पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के आवास तक पहुंच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आवास के बाहर काफी देर तक हंगामे और गाली-गलौज की स्थिति बनी रही, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी दहशत और चर्चा का माहौल देखा गया।

विधायिका के पुत्र अनुराग प्रजापति ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर न सिर्फ अभद्र व्यवहार किया, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना तत्काल जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक अमेठी को दे दी गई है।

अनुराग प्रजापति ने आरोप लगाते हुए कहा कि आजमगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव के करीबी बताए जाने वाले कुछ लोगों ने उनके घर पहुंचकर विवाद किया। आरोपों में जयसिंह प्रताप यादव, अनुराग यादव रेभा (वर्तमान शिक्षक), शेर बहादुर यादव घटकौर, बलराम यादव खाझा सहित कई अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सूत्रों के अनुसार, कथित टिप्पणी करने वाले कार्यकर्ता की तलाश में पहुंचे लोगों ने आवास के बाहर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि विवाद में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि महाराजी प्रजापति विधानसभा क्षेत्र 186 अमेठी से समाजवादी पार्टी की विधायक हैं। घटना के बाद जिले में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं और विपक्षी दल भी इस घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

About the Author

Shubham Baranwal
Shubham Baranwal
शुभम बरनवाल ने मीडिया में अपने करियर की शुरुआत स्थानीय स्तर की रिपोर्टिंग से की, जहाँ उन्होंने जमीनी मुद्दों और जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी। पिछले 6 वर्षों में उन्होंने स्थानीय पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए अपनी एक अलग पहचान बनाई है।
अपने अनुभव के दौरान उन्होंने नगर और क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक गतिविधियों, सामाजिक समस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया है। खास तौर पर स्थानीय प्रशासन और क्षेत्रीय राजनीतिक गतिविधियों की रिपोर्टिंग में उनकी मजबूत पकड़ रही है।
वर्तमान में शुभम बरनवाल My Nation News में स्थानीय पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। यहाँ वे ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से क्षेत्र की महत्वपूर्ण खबरों को सटीक और तथ्यपरक तरीके से पाठकों तक पहुंचा रहे हैं।
स्थानीय पत्रकारिता में 6 वर्षों के अनुभव के साथ शुभम बरनवाल जिम्मेदार, निष्पक्ष और जमीनी पत्रकारिता को मजबूती देने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।