Lockdown के 60 दिन बाद भी बढ़ रहा कोरोना, प्रधानमंत्री अब आगे की रणनीति बताएं: राहुल गांधी

नई दिल्ली। देश में लॉकडाउन के बावजूद लगातार बढ़ रहे कोरोनावायरस संक्रमण के मामले को लेकर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भारत में लॉकडाउन फेल हुआ है। सरकार का जो लक्ष्य था, वह पूरा नहीं हुआ है। सरकार और पीएम मोदी बताएं कि आपकी रणनीति क्या है? कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि अब हम सम्मानपूर्वक केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री जी से पूछना चाहते हैं कि “प्लान बी” क्या है? पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा था कि 21 दिनों में कोरोना की लड़ाई जीती जाएगी और अब तो लॉकडाउन के 60 दिन हो गए लेकिन भारत पहला देश है जो मामले बढ़ने के बाद लॉकडाउन बंद कर रहा है।

राहुल गांधी ने कहा कि कोरोना वायरस से निपटने के लिए लगाया गया लॉकडाउन पूरी तरह से विफल साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत एकमात्र ऐसा देश है जहां वायरस तेजी से बढ़ रहा है और हम इसके बावजूद लॉकडाउन हटा रहे हैं। लॉकडाउन का उद्देश्य विफल हो गया है और भारत लॉकडाउन की विफलता के परिणाम का सामना कर रहा है।

राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पीएम मोदी जी आपकी रणनीति क्या है? लॉकडाउन से कैसे निपटोगे? मजदूर भाई-बहनों, एमएसएमई की मदद कैसे करोगे? ये राजनीति नहीं है बल्कि मेरी चिंता है। देश में बीमारी फैलती जा रही है इसलिए मैं ये सवाल पूछ रहा हूं।

राहुल गांधी ने कहा कि पैकेज के बारे में कई प्रेस कॉन्फ्रेंस हुईं और हमें बहुत उम्मीदें थीं। पीएम ने कहा कि यह जीडीपी का 10 फीसदी होगा जबकि वास्तविकता यह है कि यह जीडीपी के 1 फीसद से भी कम है और उसमें भी ज्यादातर लोन है, नकद नहीं है।

कोरोनावायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए भारत समेत बहुत से देशों ने लॉकडाउन के साथ कई तरह की पाबंदियां लगाईं हैं लेकिन बावजूद इसके कोरोनासंक्रमण मरीजों की संख्या में बहुत ही तेजी से बढ़ोतरी लगातार जारी है। दुनिया भर के अब तक 213 देशों में फैल चुके इस कोरोनावायरस संक्रमण के चलते दुनिया भर में 56 लाख से भी ज़्यादा लोग संक्रमित हैं और साढ़े तीन लाख लोगों की मौत हो चुकी है। भारत में भी कोरोना वायरस का कहर तेज गति से बढ़ते हुए 1 लाख 50 हजार के पार हो चुका है। अब तक देश में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या 1,50,779 पहुंची है, जिनमें से 4,349 लोगों की मौत हुई है और 64,272 लोग ठीक हो चुके हैं।

About the Author

Anand Madhav
Anand Madhav
मीडिया जगत में अपनी संतुलित और प्रभावशाली पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले आनंद माधव पिछले 8 वर्षों से सक्रिय रूप से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं। अपने अनुभव के दौरान उन्होंने राजनीति, सामाजिक मुद्दों और समसामयिक घटनाओं पर गहराई और गंभीरता के साथ रिपोर्टिंग की है।
समाचारों की बारीक समझ और तथ्यों पर आधारित विश्लेषण उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। फील्ड रिपोर्टिंग से लेकर न्यूज़ डेस्क मैनेजमेंट तक, आनंद माधव ने हर भूमिका में पेशेवर प्रतिबद्धता और दक्षता का परिचय दिया है।
वर्तमान में वे My Nation News में उप संपादक के पद पर कार्यरत हैं, जहाँ वे संपादकीय प्रक्रियाओं का समन्वय करते हुए खबरों की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और प्रभावी प्रस्तुति सुनिश्चित करते हैं।
राजनीतिक कवरेज, विशेष रिपोर्ट्स, न्यूज़ एनालिसिस और कंटेंट एडिटिंग में उनकी मजबूत पकड़ है। जिम्मेदार, निष्पक्ष और स्पष्ट पत्रकारिता के माध्यम से आनंद माधव ने मीडिया क्षेत्र में अपनी एक सुदृढ़ और भरोसेमंद पहचान बनाई है।