premanand-maharaj-health-deteriorates-padyatra-suspended-indefinitely-devotees-miss-darshan

प्रेमानंद महाराज की बिगड़ी तबीयत; पदयात्रा अनिश्चितकाल तक स्थगित, दर्शन भी नहीं हुए

नई दिल्ली। वृंदावन के प्रसिद्ध संत और कथावाचक प्रेमानंद महाराज की तबीयत अचानक खराब होने के बाद उनकी नियमित पदयात्रा और एकांतिक दर्शन को फिलहाल रोक दिया गया है। इस खबर के सामने आते ही देशभर से आए हजारों श्रद्धालुओं में चिंता और मायूसी का माहौल देखने को मिला।

रविवार देर रात बड़ी संख्या में भक्त प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए वृंदावन पहुंचे थे। रोजाना की तरह श्रद्धालु तड़के तीन बजे महाराजजी की पदयात्रा का इंतजार कर रहे थे, लेकिन इस बार वह बाहर नहीं आए। कुछ देर बाद आश्रम के शिष्य पहुंचे और उन्होंने लाउडस्पीकर के माध्यम से जानकारी दी कि महाराजजी अस्वस्थ हैं और डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें आराम दिया जा रहा है। आश्रम प्रशासन के अनुसार प्रेमानंद महाराज लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से जूझ रहे हैं। बताया गया कि पिछले कई वर्षों से उनका इलाज चल रहा है, लेकिन हाल के दिनों में स्वास्थ्य में अचानक गिरावट आने के कारण पदयात्रा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।

शिष्यों ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे आश्रम के बाहर भीड़ न लगाएं और व्यवस्था बनाए रखें। घोषणा के बाद बड़ी संख्या में भक्त बिना दर्शन किए लौट गए। कई श्रद्धालु भावुक नजर आए और महाराजजी के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते दिखाई दिए। प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा वृंदावन में विशेष आस्था का केंद्र मानी जाती है। वह रोजाना केली कुंज आश्रम से पैदल सौभरी वन तक जाते थे और रास्ते में हजारों श्रद्धालु उनके दर्शन करते थे। सामान्य दिनों में उनकी एक झलक पाने के लिए हजारों लोग सुबह से ही पहुंच जाते हैं।

प्रेमानंद महाराज का जन्म उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के एक गांव में हुआ था। बचपन में उनका नाम अनिरुद्ध पांडेय था। कम उम्र से ही उनका झुकाव अध्यात्म की ओर रहा और किशोरावस्था में उन्होंने सन्यास का मार्ग अपना लिया। बाद में गुरु दीक्षा लेकर वह वृंदावन आ गए और भक्ति तथा सत्संग के जरिए लाखों लोगों के बीच लोकप्रिय हो गए। सोशल मीडिया पर भी प्रेमानंद महाराज की बड़ी संख्या में फॉलोइंग है। उनके प्रवचन और भक्ति संदेश देश-विदेश तक सुने जाते हैं। कई प्रसिद्ध कलाकार, खिलाड़ी और फिल्मी हस्तियां भी उनके अनुयायियों में शामिल हैं। फिलहाल उनके स्वास्थ्य को लेकर भक्त लगातार प्रार्थना कर रहे हैं और आश्रम से जल्द अच्छी खबर आने की उम्मीद कर रहे हैं।

About the Author

Mansi Bhatnagar
Mansi Bhatnagar
मानसी भटनागर ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक क्षेत्रीय न्यूज़ प्लेटफॉर्म से की, जहाँ उन्होंने रिपोर्टिंग के मूलभूत सिद्धांतों को गहराई से समझा और उन्हें व्यवहार में उतारा। इसके बाद उन्होंने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम करते हुए समाचार जगत के विविध पहलुओं में व्यापक अनुभव अर्जित किया। लगभग दो दशकों के अपने समृद्ध अनुभव के दौरान मानसी भटनागर ने राजनीति, समाज और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावी और गहन रिपोर्टिंग की है। खासतौर पर राजनीतिक परिदृश्य और नीतिगत मुद्दों की समझ और विश्लेषण में उनकी विशेष दक्षता रही है। वर्तमान में मानसी भटनागर My Nation News में वरिष्ठ पत्रकार के पद पर कार्यरत हैं, जहाँ वे प्रमुख राजनीतिक खबरों, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक लेखों पर सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। उनकी सूझबूझ और अनुभव संपादकीय टीम को एक मजबूत दिशा प्रदान करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में लंबे समय तक सक्रिय रहते हुए मानसी भटनागर ने निष्पक्षता, तथ्यात्मकता और निर्भीकता को अपनी पत्रकारिता की पहचान बनाया है, जिसके कारण उन्होंने एक विश्वसनीय और प्रभावशाली पत्रकार के रूप में अपनी अलग पहचान स्थापित की है।