Manish Gupta Death Case: गोरखपुर में व्यापारी मनीष गुप्ता की संदिग्ध मौत के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश की है. जब तक सीबीआई मामले को टेक ओवर नहीं करती, तब तक एसआईटी जांच को आगे बढ़ाएगी. सीबीआई के मामला अपने हाथ में लेने तक मामले की जांच गोरखपुर से स्थानांतरित कर कानपुर में विशेष रूप से गठित एसआईटी के जरिए की जाएगी.

वहीं मनीष गुप्ता की धर्मपत्नी को कानपुर विकास प्राधिकरण में ओएसडी के पद पर नियुक्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं. साथ ही परिवार को 40 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राज्य सरकार के जरिए देने के निर्देश भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जरिए दिए गए हैं. वहीं गोरखपुर जिले के रामगढ़ ताल थाना इलाके में कानपुर के व्यापारी मनीष गुप्ता की पुलिसकर्मियों द्वारा पिटाई से हुई मौत के 72 घंटे बाद इसी थाना क्षेत्र में स्थित शराब की ‘मॉडल शॉप’ में कथित तौर पर एक हिस्ट्रीशीटर के भाई को मुफ्त में शराब देने से मना करने पर एक विक्रेता सह वेटर को कथित तौर पर बदमाशों ने पीट-पीटकर मार डाला.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विपिन टाडा ने बृहस्पतिवार रात को हुई घटना को संज्ञान में लेते हुए स्थानीय थाने के प्रभारी निरीक्षक को पुलिस लाइन से सम्बद्ध कर दिया और क्षेत्राधिकारी का तबादला कर दिया है. पुलिस अधिकारी के अनुसार पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हिस्ट्रीशीटर पंकज राय के भाई और 14-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. पंकज राय डीएवी डिग्री कॉलेज का पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष हैं और उसके खिलाफ जिले के कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं.

प्राथमिकी के अनुसार बृहस्पतिवार की शाम रामगढ़ ताल थाना क्षेत्र के बुद्ध विहार इलाके में शराब की माडल शॉप (ऐसी दुकान जहां बैठकर शराब पीने की भी अनुमति रहती है) पर आए चार लोगों से जब एक विक्रेता सह वेटर ने शराब का भुगतान करने के लिए कहा तो उनमें से एक ने खुद को हिस्ट्रीशीटर पंकज राय का भाई बताते हुए दबाव बनाया. कुछ समय बाद वे लोग 14-15 की संख्या में आये और विक्रेता सह वेटर मनीष प्रजापति (25) मूल निवासी मध्य प्रदेश को पीटना शुरू कर दिया और जब कुछ लोगों ने बचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने उन्हें भी पीटा. इस हमले में बहराइच निवासी राम नाथ यादव उर्फ रघु भी गंभीर रूप से घायल हो गया. मनीष और रघु को बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां बृहस्पतिवार की देर रात उपचार के दौरान मनीष की मौत हो गई और रघु का उपचार चल रहा है.

पुलिस अधीक्षक (नगर) सोनम कुमार ने शुक्रवार को बताया कि बृहस्पतिवार की देर शाम हमें सूचना मिली कि रामगढ़ ताल क्षेत्र में शराब की एक मॉडल शाप पर कुछ लोगों ने एक व्‍यक्ति को पीटा है जिसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई और घायलों को बीआरडी मेडिकल कालेज पहुंचाया, जहां मनीष की उपचार के दौरान मौत हो गई. उन्होंने बताया कि पैसों के लेनदेन को लेकर यह विवाद हुआ था. सोनम कुमार ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर तीन टीमों का गठन किया गया है.

उन्होंने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक टीम की मदद से मामले में शामिल तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पंकज राय के भाई व अज्ञात 14-15 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. कानपुर के व्यापारी मनीष गुप्ता की मौत के मामले में पूर्व थाना प्रभारी निरीक्षक जेएन सिंह को निलंबित किये जाने के बाद दो दिन पहले ही कार्यभार संभालने वाले रामगढ़ थाना के प्रभारी केके राणा को पुलिस लाइन से सम्बद्ध कर स्वाट टीम प्रभारी सुशील शुक्ला को थाने का प्रभार सौंपा गया है और क्षेत्राधिकारी को दूसरे क्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया गया है. कानपुर के व्यवसायी मनीष गुप्ता की सोमवार देर रात गोरखपुर के एक होटल में पुलिस की छापेमारी के दौरान कथित पिटाई से मौत हो गई थी, जिसके बाद अधिकारियों ने छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर उन पर हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया था. गुप्ता दो दोस्तों के साथ होटल में ठहरे थे.

About the Author

Latest entries
BIOGRAPHYApril 2, 2026Zoya Rathore: भारत की नंबर वन एडल्ट कंन्टेंट स्टार, जानें फुल बायोग्राफी..
BIOGRAPHYApril 1, 2026Tejaswini Prabhakar Gowda कौन है ये तेजी से पॉपुलर हो रहीं एडल्ट वेबसीरीज ऐक्ट्रेस? पढ़ें पूरी बायोग्राफी..
BUSINESSMarch 30, 2026iPhone 18 Pro सीरीज़ जल्द होगा लॉन्च! डिजाइन, फीचर्स, कीमत और लॉन्च डेट का बड़ा अपडेट
EDUCATIONMarch 6, 2026डॉ. गरिमा भारद्वाज को Indian Women in Education & Nation Building Leadership Awards 2026 से सम्मानित किया गया