supreme-court-sc-status-hindus-sikhs-buddhists-sc-st-act-case-dismissed-pastor

सिर्फ हिंदू, सिख और बौद्ध को अनुसूचित जाति का दर्जा, पादरी की तरफ से दर्ज SC/ST एक्ट का मुकदमा सुप्रीम कोर्ट ने किया रद्द

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि हिंदू, सिख और बौद्ध धर्म के अलावा किसी और धर्म को मानने वाला व्यक्ति अनुसूचित जाति (SC) के दर्जे और उससे मिलने वाले लाभों का हकदार नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट के उस आदेश को बरकरार रखा है, जिसमें एक ईसाई पादरी की तरफ से दर्ज एससी/एसटी एक्ट की FIR को रद्द किया गया था।

​क्या था मामला?
आंध्र प्रदेश के पित्तलवानीपालेम के रहने वाले चिंथदा आनंद ने खुद को अनुसूचित जाति वर्ग का बताते हुए एक एफआईआर दर्ज करवाई। उनका आरोप था कि कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया। SC/ST एक्ट के तहत दर्ज एफआईआर के खिलाफ आरोपी पक्ष हाई कोर्ट पहुंचा। वहां उसने दलील दी कि शिकायतकर्ता ईसाई धर्म अपना चुका है। 10 साल से ज्यादा समय से वह एक पादरी के तौर पर काम कर रहा है। इसलिए, वह अनुसूचित जाति का हिस्सा नहीं रह गया है। 30 अप्रैल 2025 को हाई कोर्ट ने इस दलील को स्वीकार किया और पादरी की तरफ से दर्ज एफआईआर को रद्द कर दिया।

सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?
​सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस प्रशांत मिश्रा और जस्टिस एन वी अंजारिया की बेंच ने संविधान के अनुसूचित जाति आदेश, 1950 का हवाला दिया है। बेंच ने कहा है कि इस आदेश के खंड 3 के मुताबिक हिंदू, सिख, बौद्ध के अलावा किसी अन्य धर्म में धर्मांतरण करने वाला व्यक्ति जन्म के आधार पर मिलने वाला एससी का दर्जा तुरंत खो देता है। कोई भी संवैधानिक लाभ, आरक्षण या कानूनी सुरक्षा उस व्यक्ति को नहीं दी जा सकती जो अनुसूचित जाति का सदस्य नहीं है।

सुप्रीम कोर्ट ने शिकायतकर्ता की इस दलील को भी खारिज कर दिया कि उसके पास तहसीलदार की तरफ से जारी प्रमाण पत्र है। इसके मुताबिक वह अनुसूचित जाति ‘माडिगा’ का सदस्य है। कोर्ट ने कहा कि यह जाति प्रमाण पत्र पहले ही रद्द हो जाना चाहिए था। इस सर्टिफिकेट के आधार पर वह SC/ST एक्ट के तहत सुरक्षा नहीं मांग सकता।

About the Author

Jyoti Singh
Jyoti Singh
ज्योति सिंह ने मीडिया में अपने करियर की शुरुआत एक क्षेत्रीय न्यूज़ प्लेटफॉर्म से की, जहाँ उन्होंने रिपोर्टिंग की बुनियादी समझ विकसित की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य करते हुए पत्रकारिता के अलग-अलग आयामों में अनुभव हासिल किया।
पिछले 15 वर्षों के अपने व्यापक पत्रकारिता अनुभव में ज्योति सिंह ने राजनीतिक, सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन कवरेज की है। विशेष रूप से राजनीतिक घटनाक्रम और नीतिगत विषयों की रिपोर्टिंग में उनकी मजबूत पकड़ रही है।
वर्तमान में ज्योति सिंह My Nation News में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। यहाँ वह प्रमुख राजनीतिक खबरों, विशेष रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक स्टोरीज़ पर काम करते हुए संपादकीय टीम को अपनी अनुभवी दृष्टि से सशक्त बना रही हैं।
मीडिया जगत में डेढ़ दशक की सक्रियता के साथ ज्योति सिंह ने निष्पक्ष, तथ्यपरक और निर्भीक पत्रकारिता के माध्यम से एक विश्वसनीय और प्रभावशाली पहचान स्थापित की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *